बिहार(BIHAR): बिहार में CM सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट विस्तार से पहले बुधवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। करीब आधे घंटे चली बैठक में कुल 20 प्रस्ताव मंजूर किये गये। कैबिनेट ने राज्य की 19,305 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव और AI आधारित कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से निगरानी के लिए 15,967 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी। बियाडा की 1.85 एकड़ जमीन पटना एयरपोर्ट विस्तार और आधारभूत संरचना विकास के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को मुफ्त हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सीतामढ़ी में बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम अब “मां सीता चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल” होगा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार में 400 इलेक्ट्रिक बसें चलाने को मंजूरी मिली। पटना में 150 और गया, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया व मुजफ्फरपुर में 50-50 बसें चलेंगी। इसके लिए 517 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। नगर निकाय चुनाव 2026 में ई-वोटिंग की सुविधा लागू होगी। इससे वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और बिहार से बाहर रहने वाले मतदाताओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज की अवधि 30 जून 2026 तक बढ़ा दी गई है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

