धनबाद पुलिस हुई हाईटेक: ड्रोन से आसमान से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत…

धनबाद पुलिस हुई हाईटेक: ड्रोन से आसमान से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत…

धनबाद(DHANBAD): आधुनिक तकनीक के सहारे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक अहम पहल की है। अब पुलिस की नजर सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आसमान से भी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।

इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय विशेष ड्रोन ट्रेनिंग वर्कशॉप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग के तौर-तरीकों में बदलाव जरूरी है और ड्रोन तकनीक इस दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि ड्रोन के माध्यम से भीड़-भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और दुर्गम स्थानों पर निगरानी रखना अब आसान हो जाएगा।

इस तकनीक के जरिए गुप्त रूप से सूचनाएं एकत्र करना, सर्च ऑपरेशन को सफल बनाना और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई करना संभव होगा। साथ ही, जोखिम भरे अभियानों में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को ड्रोन संचालन की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराया जा रहा है, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों में ड्रोन का प्रभावी उपयोग कर सकें।

प्रशिक्षकों द्वारा नाइट विजन ड्रोन के उपयोग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, राहत एवं बचाव कार्यों में ड्रोन की भूमिका और अवैध ड्रोन को निष्क्रिय करने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

धनबाद पुलिस की यह पहल आने वाले समय में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत, तेज और प्रभावी बनाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *