उत्तर प्रदेश(UP): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर करीब 16 घंटे फंसे रहने के बाद दो युवकों को भारतीय एयरफोर्स द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
यह घटना सिद्धार्थनगर के कांशीराम सरकारी आवासीय कॉलोनी की है, जहां कल शनिवार को पांच बच्चे रील बनाने के चक्कर में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए. इसी दौरान पानी की टंकी के काफी पुराना और जर्जर होने की वजह से सीढ़ी टूट गई और तीन बच्चे ऊपर से सीधे नीचे गिर गए, जिसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए. वहीं दो बच्चे टंकी के ऊपर ही फंस गए।
टंकी की सीढ़ी टूट जाने की वजह से ऊपर फंसे युवकों को नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा था. जिले के अधिकारियों द्वारा रात में नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की टीम को गोरखपुर से बुलाया गया और मौके पर पहुंचकर NDRF ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन टंकी तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं थी, वहां चारों तरफ पानी और दलदली जमीन थी, जिसके बाद तत्काल वैकल्पिक कच्ची सड़क तैयार करने की कोशिश की गई और सड़क निर्माण लगभग पूरा भी हो गया था, लेकिन तभी भारी बारिश की वज़ह से सड़क भी प्रभावित हो गया, जिस कारण उनकी लिफ्ट और मशीनें वहां नहीं पहुंच पाई और रेस्क्यू ऑपरेशन को वहीं रोकना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने राज्य की योगी सरकार से मदद मांगी. इसके बाद भारतीय वायुसेना ने गोरखपुर स्थित सेंट्रल एयर कमांड से एक Mi-17 V5 हेलिकाप्टर को युवकों के रेस्क्यू मिशन के लिए रवाना किया. जिसके बाद हेलीकॉप्टर पानी की टंकी के पास पहुंचा और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जहां वायुसेना के जवानों ने आज सुबह 5:20 के आसपास 15 मिनट के अंदर ही 16 घंटे से पानी की टंकी पर फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित उतार लिया।
रेस्क्यू के बाद दोनों बच्चों को ऐतिहातन उसी हेलीकॉप्टर से गोरखपुर ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल चेकअप हुआ, जिसके बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान जिस तरह से जिला-प्रशासन, वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल और अन्य एजेंसियां मौके पर एक्टिव रहीं और लगातार स्थिति की निगरानी की, वो काबिले-तारीफ है।
आज-कल सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में लोग हदें पार कर दे रहे हैं, अपनी जान की परवाह किए बिना ऐसे ख़तरनाक जगहों पर कुछ सेकंड की रील के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल दे रहे हैं. कितने तो अपनी जान भी गंवा देते हैं, जो अक्सर हमें न्यूज में देखने को मिल जाती है, उसके बावजूद भी लोग नहीं सुधर रहे हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

