रांची(RANCHI): कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। शनिवार शाम जेल मोड़ तालाब के पास छापेमारी कर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 1 किलो 31 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल मोड़ इलाके में दो लोग गांजा की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि वर्मा (28) और जनार्दन दास (32) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, 1650 रुपये नकद और एक स्कूटी (JH01DX1350) बरामद की।
पूछताछ में जनार्दन दास ने खुलासा किया कि वह गांवों और बाहरी इलाकों से गांजा लाकर रांची में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय एक बड़े गांजा नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
छापेमारी टीम में कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस अवर निरीक्षक मीनकेतन कुमार, प्रदीप कुमार वर्मा, लाल बिहारी पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक जयकांत ठाकुर और अन्य जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

