धनबाद(DHANBAD): मुनीडीह कोलवाशरी में आज घटित हृदयविदारक घटना में स्लरी/मलबे में दबकर 4 मजदूरों की मौत पर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की वर्किंग प्रेसिडेंट कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और दर्दनाक बताते हुए कहा कि यह बीसीसीएल प्रबंधन की घोर लापरवाही, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और गंभीर चूक का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि बीसीसीएल के आउटसोर्सिंग क्षेत्र में और कोलियरी क्षेत्रों में बढ़ती अवैध खनन गतिविधियों के कारण ऐसी दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है। यदि प्रबंधन इन घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान नहीं लेता, तो कांग्रेस पार्टी को बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
सिंह ने मांग की कि:
मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए
परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार दिया जाए
घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए
उन्होंने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेने और त्वरित कार्रवाई करने की अपील की.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

