कोडरमा(KODERMA): हजारीबाग में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में दो पत्रकारों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर प्रेस क्लब कोडरमा ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उप विकास आयुक्त को सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शनिवार की दोपहर करीब 2 बजे कोडरमा के गांधी चौक से पत्रकारों ने समाहरणालय तक एक प्रतिवाद मार्च भी निकाला। जिसके माध्यम से घटना की निंदा की गई और स्वास्थ्य मंत्री से माफी मांगने की मांग की गई। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि कि 28 अप्रैल को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री की उपस्थिति के दौरान पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना हुई। जो बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, और यदि जनप्रतिनिधियों के समक्ष ही पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर खतरा है। प्रेस क्लब कोडरमा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाने की भी मांग की गई है। इसके अलावा राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सशक्त पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की भी मांग उठाई गई है। ताकि पत्रकार बिना भय के अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
मौके पर प्रेस क्लब के संरक्षक विनोद विश्वकर्मा, अनूप कुमार, महासचिव गौतम राणा, गजेंद्र बिहारी सिंहा, अजीत कुमार, आफताब आलम, मनोज कुमार, ओम प्रकाश, मुन्ना कुमार सिंह , कुंतलेश पांडेय, दानिश हसन, प्रदीप सिंहा, संजय साजन, दीपक सिंह, उमाशंकर, भोले शंकर, कुमार अमित, लखन सिंह , अदनान अहमद, धीरज कुमार, विक्की केसरी, विक्रम कुमार, पवन राणा, मुकेश मोदी, रितेश लोहनी, रंजीत भारती, संतोष राणा, मनीष राज सिंह, शंभू पासवान, महेश भारती, मो. शब्बीर, मो. जावेद शाहिद आदि मौजूद थे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

