
धनबाद(DHANBAD): आज जगजीवन नगर स्थित धनबाद विधायक राज सिन्हा के आवासीय कार्यालय में “खदानों से संवेदना के स्वर” पुस्तक की लेखिका प्रीति पूजा द्वारा रचित, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) पर आधारित प्रथम साहित्यिक कृति के प्रकाशन के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक आत्मीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर लेखिका के पूज्य पिता एवं सह-लेखक, कोला कुसमा निवासी अनिल पाण्डेय ने स्नेहपूर्वक पुस्तक के प्रथम संस्करण की प्रति विधायक राज सिन्हा को भेंट की। यह अवसर साहित्य, संवेदना और कोयलांचल के श्रमिक जीवन के संघर्षों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण क्षण रहा।
विधायक सिन्हा ने कहा कि
“खदानों से संवेदना के स्वर” खदानों से जुड़े श्रमिकों के जीवन, उनके संघर्ष, पीड़ा, संवेदनाओं एवं यथार्थ का अत्यंत मार्मिक और सजीव चित्रण प्रस्तुत करती है। यह कृति न केवल कोयलांचल की सामाजिक परिस्थितियों को सामने लाती है, बल्कि समाज को मानवीय मूल्यों एवं संवेदनशीलता के प्रति जागरूक करने का भी कार्य करती है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर लेखिका प्रीति पूजा, सह-लेखक श्री अनिल पाण्डेय जी एवं उनके समस्त परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही यह आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी ऐसी साहित्यिक कृतियां समाज को नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी। इस अवसर पे मीडिया प्रभारी कुमार अमित, मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, निर्मल प्रधान, बालमुकुंद राम, संतोष सिंह सहित कई अन्य थे.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

