धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती, सहयोगी मेजर से पूछताछ में बड़े खुलासे…

धनबाद: गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती, सहयोगी मेजर से पूछताछ में बड़े खुलासे…

धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल में सक्रिय गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी मामले में उसकी करीबी सहयोगी मेजर से दूसरे दिन भी घंटों तक पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में मेजर ने स्वीकार किया है कि वह वर्ष 2022 से प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और उसके ही निर्देश पर काम कर रहा था।
मेजर ने यह भी बताया कि रंगदारी के जरिए प्रिंस खान ने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है, हालांकि इन संपत्तियों का पूरा विवरण उसे भी नहीं है। उसने यह भी खुलासा किया कि बिहार में भी इस गैंग द्वारा कुछ संपत्तियां खरीदी गई हैं।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि सोशल मीडिया पर प्रिंस खान के नाम से जारी धमकियों को वायरल कराने में मेजर की अहम भूमिका रही है। उसने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया कि उसे खास तौर पर धमकी फैलाने और डर का माहौल बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
इसके अलावा मेजर ने यह भी बताया कि रंगदारी की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी। जानकारी के अनुसार प्रिंस खान करीब छह महीने पहले ही दुबई छोड़ चुका है और फिलहाल लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *