धनबाद(DHANBAD): शहर में बुधवार को तेज आंधी-बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रभातम मॉल के सामने से करीब 10 कदम आगे, गोल इंस्टीट्यूट जाने वाले रास्ते के पहले नगर निगम द्वारा लगाए गए होर्डिंग एवं बैनर स्टैंड अचानक टूटकर सड़क पर गिर गए।
गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टैंड काफी बड़ा और भारी था। अचानक गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण इधर-उधर हट गए।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जर्जर और असुरक्षित होर्डिंग स्टैंड आम लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द जांच कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पुराने स्टैंड हटाने की मांग की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

