बिहार(BIHAR): झारखंड के बोकारो सेक्टर-9 से बाढ़ पहुंची बारातियों-शरातियों में मारधाड़ हो गई। इस मारधाड़ और खून-खराबे में 7 बाराती चोटिल हो गये। घायलों को तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। खून से सनी बारात देखकर दूल्हे का दिल दहल गया। उसने साफ कह दिया कि “अब ये शादी नहीं होगी।” इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा। मनाने और समझाने का लंबा दौर शुरू हुआ। लड़की पक्ष अस्पताल पहुंचा, वहीं शादी कराने को लेकर आरजू-मिन्नतें की, पर नतीजा सिफर रहा। इस पूरे हंगामे के बीच दुल्हन सामने आई और लगातार अपने रूठे दूल्हे को मनाती रही।
DJ पर झूम रहे बारातियों पर हमला
दुल्हन की आंखों में छलके आंसू देख दूल्हे का कलेजा पसीज गया। आखिरकार दूल्हा मान गया और फिर दूल्हे को मंडप लाया गया, इसके बाद जयमाला और सिंदूरदान की पूरी रस्में हुई। दरअसल हुआ ये था कि बारात निकल रही थी, बाराती DJ पर झूम रहे थे। तभी अचानक कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में घुस आये। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। फिर लाठी-डंडे चलने लगे, खुशियों की जगह डर ने ले ली। इस खून-खराबे में 7 बाराती बेतरह घायल हो गये। मौक पर चीख-पुकार मच गई।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

