वाराणसी(VARANASI):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 28 अप्रैल को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं, जहां वे विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं।
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी करीब 6300 करोड़ रुपये की लागत वाली 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं, जिनसे काशी के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार के मुताबिक, इन योजनाओं में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। वहीं, पीएम मोदी सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास करेंगे और दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा और तैयारियों को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 और 29 अप्रैल तक वाराणसी में रहेंगे। 28 अप्रैल की शाम को उन्होंने ‘नारी वंदन रैली’ में हिस्सा लिया, जिसमें करीब 40 हजार महिलाओं की भागीदारी रही।
दर्शन-पूजन के बाद पीएम मोदी हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को विकास और राजनीति—दोनों ही नजरियों से बेहद अहम माना जा रहा है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

