धनबाद(DHANBAD): धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रविवार को सैरसपाटे के लिए आए छात्र की तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, निरसा के बेनागोरिया स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के करीब 12 छात्र घूमने के लिए गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर तालाब पहुंचे थे। सभी छात्र तालाब में नहाने लगे, तभी एक छात्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अन्य छात्रों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। छात्र को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृत छात्र की पहचान आयुष टोपो के रूप में हुई है, जो कक्षा 9 का छात्र था और मूल रूप से हजारीबाग का रहने वाला था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर बिना पर्याप्त सुरक्षा के स्कूल का संचालन कैसे किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि स्कूल में सुरक्षा गार्ड होते तो शायद ये छात्र इतनी दूर सैरसपाटे के लिए नही आए होते। इसको लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

