सिंदरी(SINDRI): बी.आई.टी सिंदरी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सोसाइटी (EES) द्वारा आयोजित दो-दिवसीय तकनीकी उत्सव ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ एवं ‘टेक जेनिसिस’ का आज पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज राय उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में डीन एकेडमिक डॉ. डी. के. तांती, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. घनश्याम, डॉ. आर. के. वर्मा, डॉ. रेखा झा, इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष डॉ. मो. अबुल कलाम और ई.ई.एस के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. एच. सी. वर्मा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम के अंतिम सत्र की शुरुआत की, जिससे पूरा विभाग उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।
समारोह के दौरान अतिथियों ने छात्रों द्वारा प्रदर्शित नवाचार और तकनीकी कौशल की भरपूर सराहना की। मुख्य अतिथि डॉ. पंकज राय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। वहीं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. घनश्याम ने इस प्रकार के आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही डॉ. आर. के. वर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. मो. अबुल कलाम और डॉ. एच. सी. वर्मा ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने तकनीकी कौशल और मॉडल प्रेजेंटेशन के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि ये प्रतियोगिताएं छात्रों में नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान के गुणों को विकसित करने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ एवं ‘टेक जेनिसिस’ के विभिन्न राउंड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें प्रथम वर्ष की छात्रा कृति कुमारी इलेक्ट्रोचैंप ऑफ द ईयर का खिताब हासिल किया। साथ ही अन्य विजेताओं को मुख्य अतिथियों के हाथों ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस गौरवशाली क्षण के दौरान आयोजन समिति के सतत प्रयासों की भी सराहना की गई, जिनके कठिन परिश्रम से यह विशाल आयोजन सफल हो सका। अंत में, धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
NEWSANP के लिए सिंदरी से ब्यूरो रिपोर्ट

