धनबाद(DHANBAD): ‘नुक्कड़ नाटक’ 24 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर, धनबाद से जुड़ी है फिल्म की जड़ें धनबाद की गलियों, बस्तियों और असली लोकेशनों में शूट हुई फिल्म नुक्कड़ नाटक अब एक बड़े मुकाम पर पहुँच चुकी है। यह फिल्म 24 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी, जहाँ इसे 190 से अधिक देशों में देखा जा सकेगा।
निर्देशक तन्मय शेखर की इस फिल्म का धनबाद से गहरा जुड़ाव है। फिल्म के कई अहम दृश्य शहर के IIT ISM, बिग बाज़ार रोड और बगुला बस्ती जैसे स्थानों पर शूट किए गए हैं। इतना ही नहीं, फिल्म में धनबाद के कलाकारों और तकनीकी टीम के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
फिल्म में मुख्य भूमिका मौलश्री और शिवांग ने निभाई है, वहीं निर्मला हजारा (बगुला बस्ती, धनबाद) बाल कलाकार के रूप में नज़र आती हैं। इसके अलावा बिपिन कुमार (काका जी, धनबाद) भी फिल्म का हिस्सा हैं। अन्य कलाकारों में विनय कुमार और मोनिता सिन्हा (रांची) शामिल हैं।फिल्म के निर्माण में भी धनबाद के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। फिल्म के एसोसिएट डायरेक्टर अनीकेत मिश्रा धनबाद से हैं। लाइन प्रोड्यूसर राम प्रवेश कुमार ने भी स्थानीय स्तर पर फिल्म के निर्माण में अहम जिम्मेदारी निभाई। फ़िल्म के जूनियर आर्टिस्ट दीपक चौहान और IIT ISM के कई छात्र भी धनबाद से ही हैं। प्रोडक्शन डिज़ाइनर – मेहविश अली, शादाब अली, भी धनबाद से हैं ।
नुक्कड़ नाटक की यात्रा भी उतनी ही खास रही है जितनी इसकी कहानी। जब पारंपरिक तरीके से फिल्म को सपोर्ट नहीं मिला, तो टीम ने खुद ही प्रमोशन की जिम्मेदारी उठाई। 6 लोगों की टीम ने 40 दिनों में 13 शहरों का दौरा किया, सड़कों पर परफॉर्म किया और लोगों को सिनेमाघरों तक बुलाया — बिल्कुल एक असली नुक्कड़ नाटक की तरह।
फिल्म 27 फरवरी को रिलीज़ हुई और तीन हफ्तों तक सिनेमाघरों में चली, जिसमें 12 हाउसफुल शोज़, स्टैंडिंग ओवेशन और दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।
यह सिर्फ एक फिल्म की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि धनबाद की मिट्टी से निकली उस कोशिश की कहानी है, जिसने अपने दम पर एक अलग पहचान बनाई।
फिल्म के बारे में: नुक्कड़ नाटक एक सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म है, जो स्ट्रीट थिएटर के माध्यम से एक महत्वपूर्ण संदेश देती है। कहानी दो दोस्तों की है, जिन्हें अपनी गलती सुधारने के लिए एक बस्ती के बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने की जिम्मेदारी मिलती है। फिल्म में ह्यूमर, इमोशन और वास्तविकता का संतुलित मेल है।
NEWSANP के लिए राणा प्रताप की रिपोर्ट

