सिंदरी में जल संकट के समाधान हेतु विधायक चन्द्रदेव महतो ने किया तीन तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास…

सिंदरी में जल संकट के समाधान हेतु विधायक चन्द्रदेव महतो ने किया तीन तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास…

बेलगड़िया कॉलोनी के लोगों की छठ पूजा और पानी की समस्या अब होगी दूर: विधायक

गुणवत्तापूर्ण कार्य और समय सीमा के भीतर प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश

बलियापुर/सिंदरी: सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में जल संरक्षण और गिरते भू-जल स्तर की समस्या को दूर करने की दिशा में विधायक चन्द्रदेव महतो ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को विधायक ने बेलगड़िया, कॉलोनी छठ तालाब,राजा बस्ती और सिंदरी महुलटांड़ में तालाब जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्रदेव महतो ने कहा कि तालाबों का जीर्णोद्धार केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि पर्यावरण और भविष्य की जरूरतों के लिए एक बड़ा निवेश है। उन्होंने विशेष रूप से बेलगड़िया कॉलोनी का जिक्र करते हुए कहा, “यहाँ के लोगों को छठ पूजा पर्व के दौरान पानी और तालाब की जो समस्या लंबे समय से थी, इस जीर्णोद्धार के बाद वह दूर हो जाएगी।”

विधायक ने आगे कहा, “तालाबों के पुनरुद्धार से न केवल जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के गिरते वाटर लेवल में भी सुधार होगा। इससे आने वाले समय में आम जनता को भीषण गर्मी के दौरान होने वाले जल संकट से बड़ी राहत मिलेगी।”
क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विधायक ने बताया कि विधानसभा के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में नए चापानल लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्पष्ट किया कि सिंदरी का समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता, सीमा देवी, रजीब मुखर्जी, बिमल रवानी , बुंदेल पासवान अली, रोहित महतो, राजेश बिरुआ, श्रीनाथ सिंह सहित भाकपा माले के अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित थे।

NEWSANP के लिए अमित की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *