श्रीनगर(SRINAGAR): श्रीनगर एयरपोर्ट पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नियमित सुरक्षा जांच के दौरान दो अमेरिकी नागरिकों के सामान से सैटेलाइट फोन बरामद हुआ. सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में आगे की जांच के लिए पुलिस के हवाले कर दिया.हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में से एक की पहचान मोंटाना के निवासी जेफ्री स्कॉट के रूप में हुई है. अधिकारियों के मुताबिक सैटेलाइट फोन उनके सामान से बरामद किया गया.
भारत में बिना सरकारी अनुमति के सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है. थुराया और इरिडियम जैसे सैटेलाइट फोन सख्त नियमों के तहत आते हैं और बिना अनुमति इनके पास पाए जाने पर हिरासत, गिरफ्तारी और उपकरण जब्त किए जाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है. यह कार्रवाई भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम और अन्य सुरक्षा नियमों के तहत की जाती है. सुरक्षा कारणों के चलते भारत में टेलीकॉम से जुड़े नियम बेहद कड़े हैं. इससे पहले भी विदेशी नागरिकों और भारतीयों के खिलाफ ऐसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

