धनबाद (DHANBAD): धनबाद सांसद ढुलू महतो की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत करने के विरोध में आज भाजपा कतरास मंडल उपाध्यक्ष सह बाघमारा विधायक प्रतिनिधि विवेक हजारी एवं बोकारो के सांसद प्रतिनिधि गण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कतरास थाना प्रभारी को एवं बोकारो सिटी थाना में एक औपचारिक आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से न्यूज़ 11 चैनल एवं उसके संपादक अरूप चटर्जी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि न्यूज़ 11 द्वारा प्रसारित एक समाचार में जानबूझकर सांसद ढुलू महतो जी का नाम कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के साथ जोड़ा गया, जो पूर्णतः निराधार, भ्रामक एवं दुर्भावनापूर्ण है। इस प्रकार का समाचार न केवल एक जनप्रतिनिधि की मानहानि करता है, बल्कि आम जनता के बीच भ्रम फैलाने का कार्य भी करता है।
आवेदक सभी प्रतिमंडल ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए जनप्रतिनिधि की छवि को इस प्रकार से धूमिल करना अत्यंत निंदनीय है और यह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय दंड संहिता की धारा 499 एवं 500 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता की आड़ में किसी की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हालांकि इस मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है…जांच के बाद की आगे की कार्रवाई होगी
NEWS ANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

