धनबाद(DHANBAD): शहर में पहली बार मूक-बधिर खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इस अनोखे मुकाबले में भारत और नेपाल के ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो सुन और बोल नहीं सकते, लेकिन खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस टूर्नामेंट का आयोजन रोटी बैंक यूथ क्लब द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को मंच देना और समाज में उनके प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
झारखंड किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर ने कहा कि दिव्यांगों की समस्याओं को अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। ऐसे में इस तरह का आयोजन उनके लिए एक बड़ा अवसर है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इस पहल को सफल बनाने के लिए सभी आगे आएं और सहयोग करें।
आयोजकों का कहना है कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में समावेशिता और समान अवसर का संदेश भी देगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

