झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025…

झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025…

मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर प्रतिबंध

प्रवेश एवं निकास के लिए सिंगल गेट सिस्टम

सभी परीक्षा केन्द्रों व स्ट्रांग रूम के पास मीडिया का प्रवेश वर्जित

कदाचार करने पर परीक्षार्थी पर होगी एफआईआर

धनबाद(DHANBAD): जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आज न्यू टाउन हॉल में सभी दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि पूर्व में आयोजित परीक्षाओं की तरह इस परीक्षा को भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसलिए किसी भी परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को उनके साथ टैग पुलिस पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाने, परीक्षा के दौरान कोई समस्या आने पर वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने, परीक्षा केंद्र पर कोई अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने, अपने दायित्व का अच्छे से निर्वहन करने का निर्देश दिया। वहीं अधिक दूरी वाले 10 सेंटर को सबसे पहले ट्रेजरी आकर प्रश्न पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश एवं निकास के लिए सिंगल गेट सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जाँच, पहचान सत्यापन, अनुशासित आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेंगे।

उन्होंने कहा कि कोई भी परीक्षार्थी, परीक्षक या परीक्षा में लगा अन्य कोई व्यक्ति, परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों या उपकरणों का प्रयोग नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र पर मोबाईल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर, चिप, कम्प्यूटर को प्रभावित करने वाला कोई उपकरण सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना निषिद्ध होगा। अभ्यर्थी केवल लेखन सामग्री लेकर ही प्रवेश करेंगे। प्रवेश के दौरान उनके ओरिजिनल फोटो युक्त पहचान पत्र के साथ मिलान करके बायोमेट्रिक अटेंडेंस लेंगे। साथ-साथ कहा कि परीक्षा के दौरान कदाचार करने पर परीक्षार्थी पर संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318, 303 तथा 324 एवं झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 के संगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के अवसर पर सभी परीक्षा केन्द्रों तथा स्ट्रांग रूम परिसर के पास किसी भी मीडिया प्रतिनिधि, पत्रकार, छायाकार अथवा अन्य मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित एवं वर्जित रहेगा। किसी भी परिस्थिति में उन्हें परीक्षा केन्द्र परिसर, नियंत्रण कक्ष, प्रश्नपत्र भंडारण स्थल, उत्तरपुस्तिका संधारण कक्ष अथवा स्ट्रांग के पास जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस अवसर पर ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने सभी को कंट्रोल रूम एवं निकटतम पुलिस थाना का नंबर अपने पास रखने का अनुरोध किया। कहा कि किसी प्रकार की समस्या आने पर त्वरित इसकी सूचना कंट्रोल रूम या संबंधित थाना को दें।

वहीं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतर्क रहने एवं सुरक्षा में कोई चूक नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी को परीक्षा से पहले केंद्र का भ्रमण करने, आज एवं कल रात जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा परीक्षार्थी का फोटो युक्त पहचान पत्र से चेहरे का अच्छे से मिलान कर लेने का निर्देश दिया।

अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे परीक्षा केंद्र में रूम नंबर, सीटिंग प्लान, पानी, पर्याप्त रोशनी, पंखे, पार्किंग इत्यादि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने परीक्षा से संबंधित समय सारणी, कक्षावार सीटिंग प्लान, विभिन्न प्रपत्र को भरने, अभ्यर्थियों का प्रवेश एवं निकास, दंडाधिकारियों का कर्तव्य, फ्लाइंग स्क्वाड एवं पुलिस पदाधिकारी का दायित्व, प्रश्न पत्रों का वितरण, गश्ती व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर दिशा निर्देश दिए।

झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2025 रविवार, 19 अप्रैल 2026, को जिले के 46 सेंटर पर संचालित की जाएगी। परीक्षा के दौरान अनुमंडल दंडाधिकारी तथा डीएसपी सीसीआर श्री सुमित कुमार के नेतृत्व में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 0326 – 2311807 तथा 112 रहेगा। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। प्रथम शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 से संध्या 5:00 बजे तक रहेगी। परीक्षा में लगभग 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।

बैठक के दौरान अभ्यर्थियों का सिटिंग अरेंजमेंट, प्रश्न पत्रों का वितरण, उत्तर पुस्तिका जमा करने, सीलिंग, सीसीटीवी अधिष्ठापन, ओएमआर शीट सहित आयोग के अन्य दिशा निर्देशों से सभी को अवगत कराया गया।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, ट्रेजरी ऑफिसर पंकज कुमार, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, घनश्याम दुबे के अलावा अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी तथा सभी दंडाधिकारी मौजूद थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *