
डेंजर जोन में रहने वालों से तत्काल बेलगड़िया में शिफ्ट होने का अनुरोध
बीएसएनएल के पुराने भवन में शिफ्ट होगा केन्दुआडीह थाना
लोगों से वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने का अनुरोध
धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने आज दोपहर केन्दुआडीह गैस रिसाव स्थल का भ्रमण किया। सबसे पहले पदाधिकारियों ने अग्नि एवं भू-धंसान से प्रभावित धनबाद – बोकारो सड़क का अवलोकन किया।
इसके बाद पदाधिकारियों ने गैस रिसाव स्थल का भ्रमण किया। तत्पश्चात केन्दुआडीह थाना में बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, महाप्रबंधक सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की एवं स्थिति की गंभीरता का आकलन किया।
बैठक के बाद उपायुक्त ने बताया कि अग्नि एवं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र से परिवारों को बेलगड़िया शिफ्ट करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ में सोमवार को केन्दुआडीह थाना, जो भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र में है, उसे भी शिफ्ट किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि झरिया मास्टर प्लान 2.0 में सरकार के स्पष्ट निर्देश के अनुसार प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में दो फ्लैट दिए जा रहे हैं। उनके रोजगार के लिए कौशल विकास केंद्र भी बनाया गया है। बिजली, पानी, सोलर स्ट्रीट लाइट, आवागमन के लिए बस का परिचालन, ई रिक्शा, विद्यालय, हेल्थ सेंटर, रानी रोड का चौड़ीकरण, गुणवत्तापूर्ण कंस्ट्रक्शन सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की गई है। आने वाले दिनों में यहां के निवासियों को किसी भी निजी सोसाइटी से अधिक सुविधाएं मिलेगी। लेकिन कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के कारण डेंजर जोन में रहने वाले भोले भाले परिवारों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावितों की सूची में 535 परिवार हैं। लेकिन सर्वे में कुछ परिवार छूट गए हैं। जिला प्रशासन को अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले हर परिवार के जान माल एवं सुरक्षा की चिंता है। इसलिए प्रशासन का प्रभावित परिवारों से अनुरोध है कि वे तत्काल बेलगड़िया में शिफ्ट हो जाए।
साथ ही बताया कि भूमिगत आग के कारण गैस रिसाव बंद नहीं होगा। समय के साथ-साथ इसका दायरा बढ़ेगा। आईआईटी (आईएसएम), खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), सिंफर सहित अन्य तकनीकी संस्थानों ने इस स्थान का निरीक्षण कर निष्कर्ष निकला है कि पूरा क्षेत्र डेंजर जोन है। भविष्य में इससे भी अधिक भयावह स्थित उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रभावित क्षेत्र से परिवारों का शिफ्ट होना ही एकमात्र विकल्प है।
वहीं अग्नि एवं भू-धंसान से प्रभावित धनबाद – बोकारो सड़क को लेकर उपायुक्त ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने का अनुरोध किया। साथ में कहा कि एनएचएआई एवं आरसीडी नई सड़क का आकलन कर रहे हैं। वर्तमान सड़क अब उपयोग के लायक नहीं है।
अग्नि एवं भू-धंसान के कारण केन्दुआडीह थाना भी प्रभावित है। केन्दुआडीह थाना को केंदुआ में स्थित पुराने बीएसएनएल के टेलीफोन एक्सचेंज में सोमवार तक शिफ्ट कर दिया जाएगा। पदाधिकारियों ने बैठक के बाद उक्त स्थल का भी निरीक्षण किया।
अग्नि एवं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र के भ्रमण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के साथ भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक तकनीकी (संचालन) संजय कुमार सिंह, पुटकी बलिहारी क्षेत्र के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी पुटकी विकास आनंद, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, केन्दुआडीह थाना के प्रभारी के अलावा जिला प्रशासन, पुलिस एवं बीसीसीएल के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

