केंदुआडीह में भू-धंसान से हड़कंप, मेयर संजीव सिंह ने किया निरीक्षण, विस्थापितों के लिए बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश…

केंदुआडीह में भू-धंसान से हड़कंप, मेयर संजीव सिंह ने किया निरीक्षण, विस्थापितों के लिए बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश…

धनबाद(DHANBAD): बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह क्षेत्र में हुए भू-धंसान की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मौके पर पहुंचकर महापौर संजीव सिंह ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर भू-धंसान के कारणों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल समेत संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित स्थल की तत्काल घेराबंदी कर सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं तथा जल्द से जल्द मरम्मत एवं स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

इस अवसर पर केंदुआडीह क्षेत्र के प्रभावित लोगों के विस्थापन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। महापौर ने कहा कि विस्थापित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा उनके पुनर्वास को लेकर हर संभव कदम उठाया जाएगा।

इसके साथ ही महापौर संजीव सिंह ने विस्थापितों के लिए बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध खान-पान, पेयजल एवं आवासीय व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि राहत शिविर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मेयर संजीव सिंह का सख्त बयान:
“केंदुआडीह में हुआ भू-धंसान अत्यंत गंभीर विषय है। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीसीसीएल एवं संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रभावित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए। विस्थापित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।”

घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क की स्थिति तथा विस्थापन को लेकर चिंता व्यक्त की। महापौर ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जल्द ही क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *