जामताड़ा में महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से दिया दो बेटों और एक बेटी को जन्म, बना दुर्लभ रिकॉर्ड
जामताड़ा (JAMTARA) : जामताड़ा सदर अस्पताल में सोमवार की सुबह खुशियों की ऐसी गूंज सुनाई दी, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों—दो बेटे और एक बेटी—को जन्म दिया। जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और यह अनोखी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामताड़ा प्रखंड के पंजुनिया गांव निवासी राजेश मिर्धा की पत्नी आरती कुमारी तुरी को रविवार देर रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सहिया जयारानी दत्ता की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव कराया गया।
सोमवार सुबह 5:25 बजे आरती कुमारी ने पहले एक बेटी को जन्म दिया। इसके ठीक 30 मिनट बाद 5:55 बजे दो बेटों का जन्म हुआ। खास बात यह रही कि तीनों बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) से हुआ, जिसे चिकित्सा क्षेत्र में बेहद दुर्लभ माना जाता है। आमतौर पर ऐसे मामलों में सिजेरियन ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है, लेकिन यहां बिना ऑपरेशन के सफल डिलीवरी होना अस्पताल के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
स्वस्थ हैं मां और तीनों नवजात, विशेष निगरानी जारी
अस्पताल की ए ग्रेड एएनएम जयश्री आचार्य और एएनएम रिंकु कुमारी के अनुसार, तीनों नवजात स्वस्थ हैं, हालांकि उनका वजन सामान्य से कम है। एहतियात के तौर पर उन्हें एसएनसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट और विशेष निगरानी में रखा गया है। वहीं, प्रसूता आरती कुमारी की स्थिति भी पूरी तरह स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।
परिवार में खुशी का माहौल
परिजनों ने बताया कि आरती पहले से ही दो बच्चों की मां हैं। अब परिवार में एक साथ तीन नए सदस्यों के जुड़ने से खुशियों का माहौल है। अस्पताल प्रबंधन भी लगातार मां और बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या से तुरंत निपटा जा सके।
यह अनोखी घटना न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि पूरे जामताड़ा जिले के लिए खुशी और आश्चर्य का विषय बनी हुई है।
NEWSANP के लिए राणा प्रताप की रिपोर्ट

