धनबाद(NIRSA): मैथन ओपी क्षेत्र के मोहलबना के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 70 वर्षीय मालती मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह सड़क पार कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन करीब 200 फीट तक महिला को घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शरीर दो टुकड़ों में बंट गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना मैथन ओपी क्षेत्र में हुई, लेकिन कार शव को घसीटते हुए गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र तक ले गई। घटना के बाद चालक कार को जगदंबा पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गया।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन काफी तेज गति से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मृतका अपने पीछे पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों एवं परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश जारी है।
NEWSANP के लिए निरसा से संतोष की रिपोर्ट
