धनबाद(DHANBAD): 12 अप्रैल को धनबाद जिले के 77 परीक्षा केंद्रों पर झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 आयोजित होने जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटि-मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस द्वारा शहर के होटल, लॉज, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं में देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति परीक्षा को प्रभावित न कर सके।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर न्यू टाउन हॉल में डीसी और एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्देश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के अंदर केवल स्टेटिक दंडाधिकारी, एग्जाम ऑब्जर्वर और सेंटर सुपरिंटेंडेंट को ही मोबाइल फोन रखने की अनुमति होगी, वह भी सिर्फ आधिकारिक संचार के लिए। इसके अलावा सभी थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्ती करने का आदेश दिया गया है।
पुलिस को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत भीड़, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी, बाहरी लोगों का जमावड़ा या नकल से जुड़ी किसी भी प्रकार की गतिविधि न हो।
यह परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित होगी, जिसमें परीक्षार्थियों के लिए सुबह 7 बजे रिपोर्टिंग टाइम निर्धारित किया गया है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

