धनबाद(DHANBAD): जिले में आज युवाओं के बीच देशभक्ति और इतिहास की अलख जगाने एक खास शख्स पहुंचे। महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के प्रपौत्र अमित आजाद ने शहर के डीएवी प्लस 2 उच्च विद्यालय धनबाद में छात्रों को क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान की गाथा से रूबरू कराया।
अमित आजाद, जिन्हें देश के द्रौपदी मुर्मू और नरेंद्र मोदी से सम्मान प्राप्त हो चुका है, इन दिनों देशभर में युवाओं को जागरूक करने की मुहिम चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वे एक वर्ष में करीब 1 लाख 60 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं और अब तक देश के 1600 से अधिक स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के बारे में बता चुके हैं।
अपने संबोधन में अमित आजाद ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में करीब 7 लाख 32 हजार क्रांतिकारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इतिहास को जानें, समझें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
अमित आजाद ने यह भी बताया कि वे लखनऊ में शहीद चंद्रशेखर आजाद की 151 फीट लंबी प्रतिमा के निर्माण का बीड़ा उठा चुके हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस महान क्रांतिकारी से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला और देशभक्ति के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

