बोकारो के अरजु (बरबांध) में इंटरचेंज निर्माण का रास्ता साफ, सांसद ढुलू महतो की पहल रंग लाई…

बोकारो के अरजु (बरबांध) में इंटरचेंज निर्माण का रास्ता साफ, सांसद ढुलू महतो की पहल रंग लाई…

लोकसभा में उठाए गए सवाल पर केंद्र सरकार का जवाब : वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित इंटरचेंज और अंडरपास से क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ

धनबाद(DHANBAD): धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो द्वारा लोकसभा में उठाए गए महत्वपूर्ण प्रश्न पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक और स्पष्ट जवाब दिया है। सांसद ने बोकारो जिले के अरजु (बरबांध) क्षेत्र में वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। इस पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जानकारी दी कि एनएच-320 के क्रॉसिंग पर किलोमीटर 357+200 (लेपो गांव) के पास इंटरचेंज का प्रस्ताव स्वीकृत/संविदा प्रावधान के तहत शामिल है।

गिरिडीह, धनबाद और बोकारो को मिलेगा सीधा कनेक्टिविटी लाभ

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित इंटरचेंज एनएच-19, एनएच-18 और एनएच-320 के माध्यम से गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों को वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे से जोड़ने का कार्य करेगा। इससे क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

तकनीकी मानकों और यातायात अध्ययन के आधार पर तय हुआ स्थान

मंत्रालय ने अपने उत्तर में बताया कि इंटरचेंज का स्थान तय करते समय तकनीकी व्यवहार्यता, यातायात अध्ययन और सड़क सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय/राज्य राजमार्गों के बीच सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किलोमीटर 357+200 (लेपो गांव) पर इस इंटरचेंज की योजना बनाई गई है।

स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अंडरपास का भी प्रस्ताव

सांसद ढुलू महतो द्वारा स्थानीय किसानों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाए गए मुद्दे पर भी सरकार ने संज्ञान लिया है। बोकारो के अरजु (बरबांध) क्षेत्र में एक वाहन अंडरपास (VUP) प्रस्तावित किया गया है, जिससे स्थानीय आवागमन और आपातकालीन सेवाओं को सुगम बनाया जा सके। इसके साथ ही, इस क्षेत्र में स्लिप रोड के माध्यम से प्रवेश एवं निकास की संभावनाओं का भी परीक्षण किया जा रहा है।

क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा को मिलेगा नया आयाम

सांसद ढुलू महतो ने इस निर्णय पर केंद्र सरकार और माननीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि झारखंड के औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान कर क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगी।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं से जुड़े हर मुद्दे को लगातार संसद और संबंधित मंत्रालयों के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *