सोनारडीह में भू-धंसान से हड़कंप: घर जमींदोज, कई लोगों के दबे होने की आशंका, सड़क जाम…

सोनारडीह में भू-धंसान से हड़कंप: घर जमींदोज, कई लोगों के दबे होने की आशंका, सड़क जाम…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडावारी बस्ती में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए भू-धंसान की घटना में एक घर पूरी तरह जमींदोज हो गया। आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में कम से कम तीन लोग मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सोनारडीह ओपी के पास जमा हो गए और महुदा-राजगंज मुख्य मार्ग (NH-32) को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बीसीसीएल की देखरेख में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है, जिसके कारण जमीन कमजोर हो गई और यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि पिछले 6-7 वर्षों से इस इलाके में अवैध खनन जारी है, लेकिन प्रशासन ने इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मौके पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने और राहत-बचाव कार्य शुरू करने में जुटी है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

NEWSANP के लिए धनबाद से अमित चौहान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *