धनबाद(DHANBAD): साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाने और पुलिस बल को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से, सोमवार को धनबाद में तीन दिवसीय साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं से आए पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी स्कैम और डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों और जांच के नए तरीकों से प्रशिक्षित करना अनिवार्य हो गया है। दिल्ली से आए साइबर विशेषज्ञ तीन दिनों तक पुलिस अधिकारियों को विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी देंगे। साइबर अपराध की पहचान और डिजिटल साक्ष्य संग्रह (Digital Evidence Collection) पर विशेष जोर दिया जाएगा। सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, बैंकिंग फ्रॉड और ठगी के नवीनतम तरीकों को समझने पर फोकस रहेगा। प्रशिक्षण के दौरान अत्याधुनिक उपकरणों और जांच सॉफ्टवेयर के उपयोग का व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
