

जामताड़ा(JAMTADA): भाजपा झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय किशोरी के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में मिहिजाम में महिला मोर्चा के बैनर तले एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने की। धरना के उपरांत उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि झारखंड सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें अपराध करने की खुली छूट मिल गई है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र जैसे पावन अवसर पर हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने कहा कि विष्णुगढ़ की यह शर्मनाक घटना पूरे झारखंड के लिए कलंक है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में महिला मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है और प्रशासन से मांग की जा रही है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्षा जयश्री देवी ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपराधी अब मासूम बच्चियों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने राज्य की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है, जो चिंता का विषय है।
महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा ने कहा कि 24 मार्च की रात विष्णुगढ़ में आयोजित एक मंगल जुलूस के दौरान बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म और क्रूरतापूर्ण हत्या की गई। उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य के इतिहास में अत्यंत भयावह है, लेकिन सरकार के मुखिया द्वारा अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना निंदनीय है।
जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या ने कहा कि यह घटना पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाली है और पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या ने किया। इस अवसर पर मिहिजाम नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष सह भाजपा नेता कमल गुप्ता, नगर अध्यक्ष लोकेश महतो, अनीता शर्मा, संजू देवी, गीता देवी, शुभम साव, सुभाष साव, सुनीता देवी, अर्चना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

