धनबाद जिला न्यायालय को बार-बार मिल रही बम धमकियों से दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल…

धनबाद जिला न्यायालय को बार-बार मिल रही बम धमकियों से दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह चौथी बार है जब कोर्ट को इस तरह का धमकी भरा मेल मिला है। हर बार ऐसी सूचना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है और न्यायिक कार्य भी बाधित होता है। लगातार मिल रही धमकियों से वकीलों और आम लोगों के बीच भय का माहौल गहरा गया है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब खुफिया तंत्र पहले से ऐसी सूचनाएं हासिल कर लेता है, तो फिर इन घटनाओं को रोकने में चूक क्यों हो रही है। उनका कहना है कि हर बार धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी जाती है और कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं दोहराई जा रही हैं।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 12 मार्च को बार एसोसिएशन के चुनाव के दिन भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। कुल 3184 मतदाताओं में से सिर्फ 1931 ही वोट डाल पाए, जबकि कई अधिवक्ता मतदान से वंचित रह गए और कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ।

इधर अधिवक्ता ऐनुल हक ने चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार मिल रही इन धमकियों से ‘शेर आया’ जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे लोग इसे हल्के में लेने लगेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कभी वास्तव में कोई घटना हुई, तो बड़ा नुकसान हो सकता है।

वकीलों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोर्ट परिसर में भयमुक्त वातावरण में कामकाज हो सके।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *