
विधि व्यवस्था का लिया जायजा..शांतिपूर्ण तरीके से राम नवमी संपन्न.

धनबाद(DHANBAD): राम नवमी के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आज देर संध्या जिले के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धनबाद रेलवे स्टेशन, बैंक मोड़, पुराना बाजार, केंदुआ बाजार, करकेन्द बाजार, लोयाबाद, छाता टांड, नया मोड़, कतरास बाजार, गौशाला मोड़, काको मठ, विनोद बिहारी चौक, मेमको मोड़, गोल बिल्डिंग होते हुए बलियापुर सहित अन्य क्षेत्र का भ्रमण किया।
जिले के दोनों वरीय पदाधिकारियों ने हर जगह रूककर व्यवस्था का जायजा लिया। समितियों द्वारा बनाए गए स्वागत मंच से लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। विभिन्न समितियों ने पदाधिकारियों का सम्मान किया। उन्होंने तैनात दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को विधि व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में रामनवमी का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।। सभी अखाड़ा दल निर्धारित समय से अपने-अपने स्थलों पर वापस पहुंच गए। वहीं सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी जब तक अंतिम अखाड़ा दल वापस नहीं पहुंचा तब तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मौजूद रहे। जिला कंट्रोल रूम शनिवार सुबह 6 बजे तक कार्यरत रहेगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

