देवघर(DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध बाबा मंदिर प्रांगण में स्थापित दानपात्रों को बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। जिला प्रशासन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की देखरेख में मंदिर प्रशासन द्वारा कुल 18 दानपात्र खोले गए।
दानपात्रों की गिनती के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सभी दानपात्रों से कुल 32 लाख 14 हजार 245 रुपये नकद प्राप्त हुए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा विदेशी मुद्रा भी दान की गई, जिसमें नेपाली करंसी 9280, अमेरिकी डॉलर 11, पाकिस्तानी करंसी 100 तथा यूरो 20 शामिल हैं।
दानपात्र खोलने और राशि गिनने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्राप्त राशि को मंदिर प्रशासनिक भवन में सुरक्षित रखकर सावधानीपूर्वक गिनती पूरी की गई।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

