सिंदरी(SINDRI): पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़ी
विभिन्न मांगों को लेकर ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार व कमिटी के पदाधिकारियों के द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम विधायक शत्रुघ्न महतो को बाघमारा में ज्ञापन सौंपा गया। जिस पर विधायक द्वारा विधानसभा में इस मांग को उठाने की बात कही । ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा और उनके सामाजिक-आर्थिक हितों को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। संगठन के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माने जाते हैं और समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। इसके बावजूद कई बार पत्रकारों को विभिन्न प्रकार की चुनौतियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में राज्य सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण के लिए ठोस नीतियां बनानी चाहिए। ज्ञापन में राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, प्रत्येक जिले में प्रेस क्लब की स्थापना करने, पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन योजना लागू करने, पत्रकारों के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही पत्रकारों के एक्रिडेशन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की भी मांग उठाई गई, ताकि अधिक से अधिक सक्रिय पत्रकारों को इसका लाभ मिल सके। संगठन के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी, जिससे पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण में कार्य करने का अवसर मिल सकेगा और उनकी सामाजिक सुरक्षा भी सुरक्षित हो सकेगी। मौके पर संगठन के पदाधिकारियों मे आंनद बाउरी, अब्दुल हमीद अंसारी, भगीरथ सिंह, जगदीश प्रसाद, विश्व नारायण पासी, मुख्तार अंसारी, शेख नाजिम इत्यादि सदस्य उपस्थित थे।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

