धनबाद (DHANBAD): धनबाद के सांसद ढुलू महतो द्वारा लोकसभा में केन्द्रीय विद्यालय (केवी) नंबर-2, धनबाद के स्थायी भवन निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए जाने के बाद इस दिशा में बड़ी प्रगति सामने आई है।
सांसद महतो ने सदन में यह मुद्दा उठाया था कि वर्ष 2018 में 5 एकड़ भूमि के हस्तांतरण के बावजूद अतिक्रमण और न्यायालय में लंबित मामले के कारण वर्षों से भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। इस पर उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाब और समाधान की मांग की थी।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर में बताया गया कि पूर्व में आवंटित भूमि पर अतिक्रमण एवं कोर्ट केस के कारण निर्माण कार्य संभव नहीं हो पाया। इसके समाधान हेतु झारखंड सरकार द्वारा मौजा-सबलपुर, धनबाद में 4.30 एकड़ वैकल्पिक भूमि चिन्हित कर सितंबर 2023 में उपलब्ध कराई गई, जिसे नवंबर 2025 में स्थायी रूप से केन्द्रीय विद्यालय संगठन (KVS) को हस्तांतरित कर दिया गया है।
इसके साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि इस परियोजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) को सौंपी गई है तथा राज्य सरकार द्वारा सड़क, भूमि समतलीकरण (अर्थ फिलिंग) एवं पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि केवी नंबर-2 का स्थायी भवन बनना धनबाद के हजारों छात्रों और अभिभावकों के लिए एक बड़ी राहत और उपलब्धि होगी। यह शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बच्चों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आवश्यक आधारभूत कार्यों को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे इस परियोजना की सतत निगरानी करते रहेंगे ताकि जल्द से जल्द विद्यालय का भवन बनकर तैयार हो सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

