धनबाद(DHANBAD): धनबाद के स्टील गेट स्थित दुर्गा मंदिर के पास पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते यातायात उल्लंघनों और अपराध पर नियंत्रण के उद्देश्य से वाहनों की जांच की गई।
जांच अभियान के दौरान लगभग 100 वाहनों की जांच की गई। ट्रैफिक डीएसपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और कानून का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अब सख्ती से लागू किया जा रहा है। हालांकि यह नियम पहले से लागू था, लेकिन अब धनबाद में इसे कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
इसके अलावा, पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट, फर्जी कागजात और बिना वैध दस्तावेजों के चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों के चालान काटे गए और कुछ मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान से अपराध पर नियंत्रण पाने में मदद मिलती है, क्योंकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है।
वाहन जांच के दौरान कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे, जिन्होंने मिलकर पूरे अभियान को सफल बनाया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षित ड्राइविंग करें, ताकि दुर्घटनाओं और अपराधों को रोका जा सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

