
28 मार्च को वृहद नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं से भाग लेने की अपील

धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आज से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कर टॉर्च रैली को रवाना किया।
यह टॉर्च रैली जिले के विभिन्न प्रखंडों में पहुंचकर नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करेगी। कार्यक्रम के माध्यम से गांव एवं पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता फैलाने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को केवल जिला या प्रखंड स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे प्रत्येक गांव एवं पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को केवल जागरूक ही नहीं बल्कि उन्हें नैतिकता एवं कानून से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी मिले। जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
उन्होंने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं, से अपील करते हुए कहा कि 28 मार्च को लुबी सर्कुलर रोड पर आयोजित होने वाले वृहद नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस अभियान को सफल बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता स्कूली छात्रा सहित अन्य अधिकारियों एवं सेविकाओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी के अलावा सीडीपीओ, सेविका, स्कूली छात्रा व अन्य लोग मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

