सिंदरी(SINDRI): धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 54 के नवनिर्वाचित पार्षद नीरज कुमार सिंह उर्फ धीरज सिंह का सिंदरी फैमिली ग्रुप के सदस्यों द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी नरेंद्र कुमार शर्मा जी की अध्यक्षता में गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि नीरज कुमार सिंह जी की लोकप्रियता, जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा एवं क्षेत्र की जनता के साथ उनका सशक्त जुड़ाव ही उनकी इस विजय का मुख्य आधार है। यह जीत वार्ड की जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने नव-निर्वाचित पार्षद से वार्ड संख्या 54 के समग्र विकास हेतु विभिन्न मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण, नालियों की नियमित सफाई, कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था, सिंदरी से धनबाद तक बस सेवा का संचालन, सड़कों के गड्ढों की त्वरित मरम्मत तथा सड़कों के किनारे झाड़ियों एवं जंगल की नियमित सफाई शामिल हैं।
उपस्थित जनसमूह ने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज कुमार सिंह जी के नेतृत्व में वार्ड संख्या 54 में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक अवश्य पहुंचेगा।
इस अवसर पर डी. एन. सिंह, मनोज कुमार राम, विनय कुमार, विवेक कुमार पांडे, एस. गुप्ता, जी. आर. प्रभाकर, दिलीप मिश्रा, मनोज मिश्रा, रंजना शर्मा, सुधाकर प्रसाद सिंह, विदेशी सिंह, पुतुल कुमारी एवं सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने नवनिर्वाचित पार्षद को उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं और वार्ड के सर्वांगीण विकास की अपेक्षा व्यक्त की।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

