
धनबाद(DHANBAD): धनबाद के रेलवे ग्राउंड में ईद का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से ईद की नमाज़ अदा की। सुबह से ही नमाज़ियों का आना शुरू हो गया था, जहां सभी ने नए कपड़े पहनकर अल्लाह की इबादत की और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान वक्ताओं और समाज के लोगों ने कहा कि रमजान का महीना हमें सब्र, त्याग और इंसानियत का पाठ पढ़ाता है, और ईद उसी का संदेश लेकर आती है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम को मजबूत करने का अवसर है।
लोगों ने अपने संदेश में कहा कि हम सभी को मिल-जुलकर अपने शहर और देश में शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अपील की कि हिंदू और मुस्लिम के बीच किसी भी प्रकार की नफरत को खत्म कर एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना चाहिए।
समाज के लोगों ने कहा कि भारत एक खूबसूरत गुलदस्ता है, जिसमें अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग फूलों की तरह हैं। सभी को मिलकर इस खूबसूरती को बनाए रखना है।
इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को ईद और नवरात्रि की बधाई देते हुए देश में भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

