मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित 8 दिवसीय कैरियर काउंसलिंग 2026 का सफल समापन….

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित 8 दिवसीय कैरियर काउंसलिंग 2026 का सफल समापन….

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद, झरिया में पिछले 8 दिनों से संचालित कैरियर काउंसलिंग 2026 कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।

कार्यक्रम के अंतिम दिन रेवेंशॉ यूनिवर्सिटी, कटक के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिनय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिसमें विज्ञान के क्षेत्र, जूलॉजी, बॉटनी, UPSC, राज्य सिविल सेवाएँ तथा CLAT जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने सरल एवं संतोषजनक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक हितेन शर्मा उपस्थित रहे। अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया तथा अंत में स्मृति-चिह्न भेंट कर उन्हें विदा किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा। यह पहल निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *