
आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच एक विवादित घटना सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार हरेराम सिंह के समर्थन में बनी वाल पेंटिंग पर असामाजिक तत्वों द्वारा गोबर पोतने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और तृणमूल समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना को लेकर तृणमूल उम्मीदवार हरेराम सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उनके समर्थन में बनाई गई वाल पेंटिंग के साथ इस तरह की छेड़छाड़ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने जामुड़िया थाना पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
हरेराम सिंह ने इस घटना के पीछे बीजेपी समर्थकों का हाथ होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी इस तरह की गंदी या हिंसात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती और वे शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त चुनाव के पक्षधर हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है। चुनावी माहौल के बीच इस तरह की घटनाओं ने राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया.
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

