कोयला भवन में AIDEOA – BCCL उच्चस्तरीय बैठक.. सीएमडी को सौंपा ज्ञापन…

कोयला भवन में AIDEOA – BCCL उच्चस्तरीय बैठक.. सीएमडी को सौंपा ज्ञापन…

धनबाद (DHANBAD): कोयला भवन में गुरुवार को ऑल इंडिया डिप्लोमा इंजीनियर्स ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIDEOA) के महामंत्री श्री कुश कुमार सिंह के नेतृत्व में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल के साथ एक महत्वपूर्ण औपचारिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कंपनी के समग्र विकास, उत्पादन वृद्धि, खदानों में सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्य गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई।
बैठक के दौरान उत्पादन (Production), सुरक्षा (Safety) एवं गुणवत्ता (Quality) जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

AIDEOA प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि उत्पादन में निरंतर वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग, कार्य प्रणाली में सुधार तथा बेहतर निगरानी व्यवस्था को लागू किया जाना आवश्यक है।
सुरक्षा के संदर्भ में खदानों में कार्यरत श्रमिकों एवं अधिकारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अत्यंत आवश्यक है।

एक महत्वपूर्ण मुद्दा माइनिंग सुपरवाइजरी स्टाफ की कमी को लेकर भी उठाया गया। AIDEOA ने स्पष्ट रूप से मांग की कि खदानों में बढ़ते कार्यभार एवं उत्पादन लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए Mining Sirdar एवं Overman के नए पदों पर शीघ्र नियुक्ति (New Appointment) की जाए, ताकि कार्य का प्रभावी पर्यवेक्षण हो सके और सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, आगामी वित्तीय वर्ष में “ब्रेक-लेस प्रोडक्शन” सुनिश्चित करने के लिए मानसून प्लान को अभी से तैयार कर उसे क्रियान्वयन की प्रक्रिया में लाने पर विशेष जोर दिया गया। यह निर्णय लिया गया कि मानसून के दौरान जलभराव एवं अन्य बाधाओं से उत्पादन प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी एवं समुचित प्रबंधन किया जाएगा।
बैठक के दौरान अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने AIDEOA द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता पूर्वक सुना एवं उन्हें संज्ञान में लिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन, सुरक्षा एवं गुणवत्ता से जुड़े सभी मुद्दे कंपनी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा इन विषयों पर प्रबंधन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर ठोस एवं सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि माइनिंग सुपरवाइजरी स्टाफ की कमी, आधुनिक तकनीक के उपयोग, कार्य प्रणाली में सुधार तथा सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे, ताकि कंपनी के उत्पादन लक्ष्य एवं सुरक्षा मानकों दोनों को संतुलित रूप से प्राप्त किया जा सके।

महामंत्री कुश कुमार सिंह एवं AIDEOA प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन को आश्वस्त किया कि चालू वित्तीय वर्ष के शेष दिनों में निर्धारित उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर एवं समर्पित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन हमेशा कंपनी के हित में कार्य करता रहेगा और उत्पादन, सुरक्षा एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में सकारात्मक सहयोग देता रहेगा।
बैठक में आर. के. तिवारी, दीपक कुमार सिंह, वाई. के. सिंह, विजय यादव, संजय कुमार सिंह, उमाकांत राय, अरुण कुमार दुबे, शिव शंकर महतो, राकेश प्रसाद सिंहा, बालेश्वर पंडित, मिहीर कुमार रजवार, साजन महतो, अमित कुमार सिंह, अमित झा, गोपाल गोराई, रवि ओंकार, अमित नारायण, धनंजय कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, बिजेंद्र कुमार मंडल, राजकुमार आस, शशिकांत गुप्ता, सुकरा, सुनील कुमार गंजू, पप्पू मरांडी, नीतीश बेदिया , प्रभात कुमार सिंह सहित अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे और सभी ने अपने-अपने सुझाव रखे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *