कासियाटांड़ 8-लेन सड़क के पास खदान में मिला 3 दिन पुराना शव, शिनाख्त की कोशिश जारी….

कासियाटांड़ 8-लेन सड़क के पास खदान में मिला 3 दिन पुराना शव, शिनाख्त की कोशिश जारी….

धनबाद(DHANBAD): जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कासियाटांड़ स्थित 8-लेन सड़क के पास बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े पत्थर क्रेशर के समीप लगभग 80 फीट गहरी खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस जाँच-पड़ताल में जुट गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है।
मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासी मनोहर महतो ने भी अंदेशा जताया कि किसी ने व्यक्ति की हत्या कर शव को खदान में फेंक दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वह कहाँ का रहने वाला था। खदान की गहराई अधिक होने के कारण शव को बाहर निकालना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस की टीम शव को बाहर निकालने के प्रयास के साथ-साथ मामले की गहन जाँच कर रही है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *