राँची(RANCHI): CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड इको टूरिज्म अथॉरिटी (JETA) की चौथी बैठक रांची में संपन्न हुई। बैठक में राज्य में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां इको टूरिज्म की संभावनायें हैं, उन स्थलों की पहचान कर विकास किया जाये। साथ ही वन, पर्यटन और जल संसाधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। बैठक में नेतरहाट, मैथन, पतरातू, दुमका, चाईबासा और रांची जैसे प्रमुख स्थलों पर इको टूरिज्म विकसित करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को जमीन पर उतारना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि इको टूरिज्म न सिर्फ झारखंड की प्राकृतिक खूबसूरती को पहचान दिलायेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक विकास का बड़ा जरिया बनेगा। सरकार का फोकस अब ऐसे पर्यटन मॉडल पर है, जहां पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास भी संतुलित तरीके से आगे बढ़े।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

