
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा हेटलीबांध स्थित शाखा कार्यालय में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा द्वारा रचित प्रेरणादायक पुस्तक “From Shadows to Sunrise” का भव्य लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम मंच की साहित्यिक एवं सामाजिक सक्रियता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।
इस अवसर पर शाखा कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल सहित अनेक शाखा सदस्य एवं समाज बंधु उपस्थित रहे। सभी ने इस उपलब्धि पर डॉ. मनीष शर्मा को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह विशेष रूप से 18 से 25 वर्ष के युवाओं को ध्यान में रखकर लिखी गई है। इसमें जीवन के संघर्ष, आत्मविश्वास, आत्म-खोज और आगे बढ़ने की प्रेरणा को सरल एवं प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक युवाओं के लिए मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा,
“मारवाड़ी युवा मंच सदैव युवाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहा है। इसी सोच के साथ मैंने यह पुस्तक लिखी है, ताकि युवाओं को सही दिशा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। मेरा उद्देश्य है कि हर युवा यह समझे कि वह अकेला नहीं है और हर कठिनाई के बाद एक नई शुरुआत संभव है। यदि यह पुस्तक किसी एक युवा के जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन ला सके, तो मेरा प्रयास सफल होगा।”
उन्होंने आगे बताया कि यह पुस्तक Amazon पर मात्र ₹119 में उपलब्ध है। साथ ही, मारवाड़ी युवा मंच के किसी भी सदस्य या उनके माध्यम से यदि कोई इस पुस्तक को प्राप्त करना चाहता है, तो उसे यह पुस्तक केवल प्रिंट लागत ₹60 में उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं तक सही मार्गदर्शन पहुंचाना और उनकी सहायता करना है।
कार्यक्रम के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा आगे भी ऐसे रचनात्मक एवं समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। उपस्थित सभी लोगों ने इस सराहनीय पहल की सराहना करते हुए लेखक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

