धनबाद(DHANBAD): करोड़ों रुपये की लागत से बनी 8 लेन सड़क एक बार फिर सवालों के घेरे में है। धनबाद से भूली जाने वाली मुख्य सड़क के राइट लेन में अचानक बड़ा गड्ढा हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और गड्ढे के आसपास ईंट-पत्थर लगाकर अस्थायी घेराबंदी कर दी, ताकि कोई हादसा न हो। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा बन गया है, जो किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क करीब 450 से 500 करोड़ रुपये की लागत से बनी है, लेकिन इसके बावजूद बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आशंका जताई जा रही है कि नीचे से मिट्टी खिसकने या पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क धंस गई। फिलहाल प्रशासन को सूचना दे दी गई है, लेकिन जब तक स्थायी मरम्मत नहीं होती, तब तक यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

