
बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और विद्यालय व्यवस्था सुधारने पर हुआ प्रशिक्षण
नो कॉस्ट–लो कॉस्ट गतिविधियों से बेहतर होंगे विद्यालय : प्रशिक्षण में शिक्षकों को दी गई जानकारी
पॉलीटेक्निक संस्थान में आयोजित प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में शिक्षक हुए शामिल
धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से आज धनबाद के पॉलीटेक्निक संस्थान में विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और प्रधानाध्यापक के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने, बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करने तथा शिक्षण वातावरण को सकारात्मक बनाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को बताया गया कि विद्यालय में आने वाले बच्चों का स्वागत करना, उनका जन्मदिन मनाना तथा विद्यालय में अपनापन का माहौल बनाना बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने में सहायक होगा।
प्रशिक्षण में नो कॉस्ट – लो कॉस्ट गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए शिक्षकों को एक विशेष फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके आधार पर विद्यालयों का आकलन किया जाएगा। जिले के लगभग 1700 विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा जिन विद्यालयों को 90 से अधिक अंक प्राप्त होंगे उन्हें हाई असेसमेंट की श्रेणी में रखा जाएगा।
शिक्षकों को जिम्मेवारी पंजी रखने का भी निर्देश दिया गया, जिसमें विद्यालय से संबंधित सभी गतिविधियों एवं कार्यों का रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रशिक्षण के लगभग दो महीने बाद विद्यालयों का एक सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान नो कॉस्ट – लो कॉस्ट फॉर्म के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और उन्हें आगे और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार, डीएमएफटी पीएमयू की टीम, तथा शिक्षक मौजूद रहें।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

