बिहार(BIHAR): बिहार को नये राज्यपाल मिल गये है। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने शनिवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली। उन्हें पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के. विनोद चंद्रन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में CM नीतीश कुमार, डिप्टी CM सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। करीब 40 साल तक भारतीय सेना में सेवा दे चुके सैयद अता हसनैन को एक कुशल सैन्य रणनीतिकार माना जाता है। खासकर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर लगाम और नागरिक-सैन्य संबंधों को बेहतर बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है।
1952 में एक सैन्य परिवार में जन्मे हसनैन ने नैनीताल के शेरवुड कॉलेज से शुरुआती पढ़ाई की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक किया। 16 जून 1974 को इंडियन मिलिट्री एकेडमी, देहरादून से उन्हें सेना में कमीशन मिला और वे गढ़वाल राइफल्स में शामिल हुये। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, पंजाब में आतंकवाद विरोधी अभियान और संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत मोजाम्बिक व रवांडा में भी सेवायें दीं। कश्मीर में XV कोर कमांडर रहते हुये उन्होंने ‘हार्ट्स डॉक्ट्रिन’ के जरिये सेना और आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत करने की पहल की। 2013 में सेवानिवृत्ति के बाद भी वे राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों में सक्रिय रहे। 2018 में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर के कुलाधिपति और 2020 में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सदस्य भी बनाये गये। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक समेत कई सम्मान मिल चुके हैं।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

