
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा आयोजित “Career Counselling 2026” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों को उनके भविष्य के करियर के संबंध में सही मार्गदर्शन प्रदान करना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन आर्ची अग्रवाल (क्रेडिट रिस्क एनालिस्ट) ने कॉमर्स वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कॉमर्स के क्षेत्र में FRM, CFA, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कंपनी सेक्रेटरी, बी.कॉम., बीबीए, मैनेजमेंट, बैंकिंग तथा अन्य पेशेवर क्षेत्रों में भी उज्ज्वल संभावनाएँ उपलब्ध हैं।
साथ ही कक्षा 10 के विद्यार्थियों को साइंस, कॉमर्स एवं आर्ट्स – तीनों स्ट्रीम के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही विषय का चयन कर सकें।
वहीं कुणाल कुमार ने विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने इंजीनियरिंग, मेडिकल, रिसर्च, डेटा साइंस तथा अन्य उभरते हुए क्षेत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और आगे की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ वन-टू-वन काउंसलिंग भी की गई, जिसमें छात्रों के व्यक्तिगत प्रश्नों और शंकाओं का समाधान किया गया। अधिकांश विद्यार्थियों के प्रश्न CUET (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) से संबंधित थे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल और स्पष्ट रूप से समाधान किया गया।
इस अवसर पर कुल 29 विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों ने इस काउंसलिंग को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने में काफी सहायता मिलती है। शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक हितेन शर्मा और मयंक केजरीवाल उपस्थित थे।
मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा आयोजित यह काउंसलिंग कार्यक्रम 20 मार्च तक जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन मिल सके।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

