आसनसोल(ASANSOL): पश्चिम बंगाल के आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र स्थित नियामतपुर में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में तृणमूल कांग्रेस की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व तृणमूल नेत्री एवं आसनसोल नगर निगम की बोरो चेयरमैन इंद्राणी मुखर्जी ने किया।
प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर कटाक्ष किया, जिसमें नालियों के गंदे पानी से गैस बनाए जाने की बात कही गई थी। इसी को लेकर प्रतीकात्मक रूप से नाले के गंदे पानी से गैस बनाने का प्रयोग किया गया, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
इंद्राणी मुखर्जी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों के घर के बजट पर भारी असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने गंदे नाले के पानी से गैस बनने की बात कही थी, लेकिन जब महिलाओं ने उनके बताए तरीके को अपनाने की कोशिश की तो वह पूरी तरह विफल रहा।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम लोगों के घरों में हाहाकार मचा हुआ है और इसके लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है। इंद्राणी मुखर्जी ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह गैस की कीमतें बढ़ाई गई हैं, उसी तरह आम जनता को राहत देने के लिए इन्हें कम भी किया जाना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में तृणमूल के कई स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की कीमतें कम करने की मांग उठाई.
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

