धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने सदन में राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल सब्सिडी योजना को बंद किए जाने का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले झारखंड सरकार ने पूरे राज्य में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर गरीबों और युवाओं के लिए पेट्रोल सब्सिडी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया था। उस समय सरकार ने इसे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत बताकर जनता से समर्थन मांगा था।
विधायक सिन्हा ने कहा कि अब वही सरकार चुपचाप इस योजना को बंद कर चुकी है, जिससे राज्य के गरीबों, युवाओं और आम जनता के साथ सीधा अन्याय हुआ है। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि योजना को बंद ही करना था, तो चुनाव के समय इसका इतना बड़ा प्रचार क्यों किया गया।
उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि क्या यह जनता से किया गया वादा था या फिर केवल चुनावी छलावा?
सिन्हा ने सरकार से मांग की कि पेट्रोल सब्सिडी योजना को तुरंत पुनः शुरू किया जाए, ताकि राज्य के गरीबों और युवाओं को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के साथ किए गए वादों को निभाने की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए।
विधायक सिन्हा ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द इस विषय पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया, तो जनता के हित में इस मुद्दे को लगातार उठाया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

